हल्दिया (पश्चिम बंगाल), पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने दावा किया कि नंदीग्राम उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उम्मीदवार एवं उनके पूर्व सहयोगी चंद्रनाथ रथ की मां हसिरानी रथ रिकॉर्ड अंतर से जीत दर्ज करेंगी। शुभेंदु ने नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीट के अल्पसंख्यक मतदाताओं को संबोधित करते हुए पूछा कि छह अक्टूबर को होने वाले उपचुनाव में वे राज्य की भाजपा सरकार का समर्थन करेंगे या नहीं।
वह हसिरानी रथ का नामांकन पत्र दाखिल कराने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ यहां उपमंडल अधिकारी (एसडीओ) कार्यालय पहुंचे। शुभेंदु ने कहा कि चुनाव कैसे कराया जाता है वह अच्छी तरह जानते हैं। उन्होंने वहां जुटे लोगों को भरोसा दिलाया कि नंदीग्राम में भाजपा ‘‘इतने बड़े अंतर से जीतेगी जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की होगी।’’ शुभेंदु के इस सीट को छोड़ने के कारण यहां चुनाव कराना अनिवार्य हो गया था। शुभेंदु अधिकारी ने 2026 के विधानसभा चुनाव में नंदीग्राम और भवानीपुर दोनों सीट पर जीत हासिल की थी। बाद में उन्होंने भवानीपुर सीट बरकरार रखी और नंदीग्राम सीट छोड़ दी। उन्होंने कहा ‘‘चंद्र (चंद्रनाथ रथ) की बेरहमी से हत्या कर दी गई। उसका सबसे बड़ा अपराध यही था कि उसने उस समय के विपक्ष के नेता की मदद की थी।’’
चंद्रनाथ शुभेंदु के निजी सहायक के तौर पर काम कर चुके थे। वह छह मई को मध्यमग्राम में कार से जा रहे थे तभी मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने उन पर कथित तौर पर गोली चलाईं। अस्पताल ले जाने के बाद उनकी मौत हो गई जबकि चालक घायल हो गया। इस मामले की शुरुआती जांच राज्य पुलिस और एक विशेष जांच दल ने की थी जिसे बाद में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को सौंप दिया गया। मुख्यमंत्री ने नंदीग्राम के लोगों को भरोसा दिलाते हुए कहा ‘‘निर्वाचन क्षेत्र के लोगों से मैंने जो भी वादे किए हैं उन्हें पूरा करना मेरी जिम्मेदारी है।’’
शुभेंदु ने 2021 के चुनाव में नंदीग्राम में बनर्जी को 1 956 मतों के अंतर से हराया था और पांच साल बाद फिर यह सीट जीत ली। अल्पसंख्यक मतदाताओं का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा ‘‘छह अक्टूबर को आपकी परीक्षा होगी कि आप सरकार और मुख्यमंत्री के साथ रहना चाहते हैं और मिलकर काम करना चाहते हैं या नहीं। इस परीक्षा में सफल होना है या असफल यह फैसला मैं आप पर छोड़ता हूं।’’पूर्व मेदिनीपुर जिले की नंदीग्राम और मुर्शिदाबाद की रेजीनगर सीट पर अल्पसंख्यक मतदाताओं की अच्छी-खासी संख्या है।
आम जनता उन्नयन पार्टी (एजेयूपी) के प्रमुख हुमायूं कबीर ने दोनों सीट रेजीनगर और नउदा से जीत हासिल करने के बाद रेजीनगर सीट छोड़ दी थी जिसके बाद इस सीट पर चुनाव जरूरी हो गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नौ मई को सत्ता संभालने के बाद राज्य की भाजपा सरकार विकास से जुड़ी कई पहल कर रही है और वह अगले 56 माह तक पश्चिम बंगाल के लोगों के कल्याण व राज्य की प्रगति के लिए काम करेगी।उन्होंने कहा “हम अपने वादों और ‘संकल्प पत्र’ (चुनाव घोषणापत्र) में किए गए वादों को पूरा करने का काम आगे बढ़ाएंगे जैसे कि अगले 56 महीनों में बंगाली विरासत को बहाल करना।”
अधिकारी ने फिर कहा कि नंदीग्राम में पिछली टीएमसी सरकार के दौरान जिन भाजपा कार्यकर्ताओं को अत्याचार झेलने पड़े थे उन्हें काम रहने की जगह और खाना दिया जाएगा।
उन्होंने कहा “नंदीग्राम के सभी भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज झूठे आपराधिक मामलों को वापस लेना मेरी जिम्मेदारी है। अत्याचार झेलने वाले सभी कार्यकर्ताओं को काम आश्रय और भोजन उपलब्ध कराना मेरा वादा है।”अधिकारी ने बताया कि निर्वाचन क्षेत्र की 67 000 महिलाओं को ‘अन्नपूर्णा योजना’ का लाभ मिलना शुरू हो गया है जबकि 8 000 महिलाओं को लाभ की दूसरी किस्त मिली है और 13 000 से ज्यादा लोगों को आवास वित्तपोषण योजना के तहत सहायता की पहली किस्त मिली है।
‘अन्नपूर्णा योजना’ महिला लाभार्थियों को हर महीने 3 000 रुपये की आर्थिक सहायता देने की एक योजना है। उन्होंने कहा कि नंदीग्राम के लोगों को 2031 तक सभी सरकारी सेवाएं वैसे ही मिलती रहेंगी जैसे अभी मिल रही हैं और वह छह अक्टूबर को उपचुनाव वाले दिन अपना वोट डालने फिर आएंगे।
अधिकारी ने कहा कि अगर मौका मिला तो चुनाव से पहले वह एक बार यहां आ सकते हैं।
क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common