तिरुवनंतपुरम, केरलम के मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन ने पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा से मुलाकात की और कहा कि वे बिजली क्षेत्र में सुधारों से जुड़ी रोकी गई उधार लेने की सीमा को बहाल करने को लेकर संयुक्त रूप से केंद्र से आग्रह करेंगे।
सतीशन ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि उन्होंने और चीमा ने सहयोग के रास्तों पर चर्चा की और बिजली क्षेत्र सुधारों से जोड़कर रोकी गई 0.5 प्रतिशत उधार सीमा को बहाल करने के लिए केंद्र सरकार पर संयुक्त रूप से दबाव डालने पर सहमति जताई।
केंद्र सरकार ने 15वें वित्त आयोग की सिफारिशों के आधार पर राज्य सरकारों को 2021-22 से 2024-25 तक चार वर्षों के लिए सकल राज्य घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी)के 0.5 प्रतिशत तक अतिरिक्त उधार लेने की सुविधा दी थी।
सोलहवें वित्त आयोग ने शुरुआती अवधि के बाद भी इस अतिरिक्त उधार सुविधा को जारी रखने की सिफारिश नहीं की और केंद्र सरकार ने इस सिफारिश को स्वीकार कर लिया। मुख्यमंत्री ने बताया कि बैठक में केरलम के सफल लॉटरी मॉडल का अध्ययन करने में पंजाब की दिलचस्पी पर चर्चा हुई।
उन्होंने बैठक की तस्वीरें साझा करते हुए कहा ‘‘इसके अलावा जीएसडीपी की गणना में केंद्र द्वारा किए गए बदलावों के खिलाफ पंजाब सहित सभी राज्यों से मिलकर कदम उठाने की मांग की गई है क्योंकि इन बदलावों का राज्यों की आर्थिक स्थिति पर बहुत बुरा असर पड़ता है।’’क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common