पक्की तैयारी के चलते स्वाभाविक अभिनय करते हैं रणबीर कपूर : श्रद्धा कपूर

इंदौर (मध्यप्रदेश), फिल्म अभिनेत्री श्रद्धा कपूर ने अभिनेता रणबीर कपूर की तारीफ करते हुए सोमवार को कहा कि पक्की तैयारी के चलते वह सेट पर बेहद आसानी से स्वाभाविक अभिनय करते हैं।

                 श्रद्धा, लव रंजन की आठ मार्च को परदे पर उतरने जा रही फिल्म ‘‘तू झूठी, मैं मक्कार’’ में रणबीर की जोड़ीदार के रूप में नजर आएंगी।

                 फिल्म के प्रचार के दौरान श्रद्धा ने इंदौर में संवाददाताओं से कहा, ‘‘जब रणबीर फिल्म के सेट पर आते हैं, तो यूं दिखाते हैं कि उन्होंने कोई तैयारी नहीं की है, लेकिन पक्की तैयारी के चलते वह कमाल का स्वाभाविक अभिनय करते हैं, फिर चाहे वे लम्बे-लम्बे संवाद हों या कोई भावनात्मक दृश्य।’’

                 उन्होंने बताया कि वह पूरी रात संवाद रट कर सेट पर पहुंचते हैं। श्रद्धा ने कहा,‘‘किसी दृश्य के पीछे रणबीर की कड़ी मेहनत और संवादों की बेहद आसान तरीके से अदायगी परदे पर नजर आती है।’’

                 अभिनेत्री ने मजाकिया लहजे में कहा कि कपूर उपनाम वाले सारे अभिनेताओं में उन्हें अपने पिता शक्ति कपूर सबसे ज्यादा पसंद हैं और जब उन्होंने एक फिल्म में माफिया डॉन का किरदार निभाया, तो उनके पिता को “गर्व” महसूस हुआ और उन्होंने उन्हें शाबासी दी।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia commons

%d bloggers like this: