चेन्नई, केंद्र सरकार ने चेन्नई को पूर्वी तट पर क्रूज पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनाने की योजना बनाई है। पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने रविवार को यह बात कही।
उन्होंने यहां कहा कि इतिहास में पहली बार चेन्नई बंदरगाह से जून से सितंबर 2022 तक क्रूज सेवा लगातार चली।
सोनोवाल यहां बंदरगाह के चेयरमैन सुनील पालीवाल समेत व अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ चेन्नई पोर्ट ट्रस्ट और उसकी अनुषंगी कामराजर पोर्ट लिमिटेड के प्रदर्शन की समीक्षा करने आए थे।
उन्होंने संवाददाताओं से कहा, “हम चेन्नई बंदरगाह को पूर्वी तट पर क्रूज पर्यटन का केंद्र बनाने जा रहे हैं। क्रूज पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए चेन्नई बंदरगाह और कॉर्डेलिया क्रूज ने मई 2022 में एक सहमति पत्र पर दस्तखत किए थे।”
क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia commons