प्रधानमंत्री मोदी ने त्रिनिदाद एवं टोबैगो के बिहार से जुड़ाव की सराहना की

पोर्ट ऑफ स्पेन, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने यहां भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए त्रिनिदाद और टोबैगो के बिहार से जुड़ाव की सराहना की और इस बात पर जोर दिया कि बिहार की विरासत भारत और विश्व का गौरव है। मोदी ने कोउवा के ‘नेशनल साइक्लिंग वेलोड्रोम’ में आयोजित एक कार्यक्रम में कहा ‘‘यहां मौजूद कई लोगों के पूर्वज बिहार से आए थे। बिहार की विरासत न केवल भारत का बल्कि दुनिया का गौरव है।’’

उन्होंने कहा कि त्रिनिदाद एवं टोबैगो की प्रधानमंत्री कमला प्रसाद-बिसेसर के पूर्वज बिहार से थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री कमला ने राज्य का दौरा भी किया है और भारत में लोग उन्हें ‘‘बिहार की बेटी’’ मानते हैं। दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक संबंधों के बारे में प्रधानमंत्री मोदी की ‘एक्स’ पर की गई पोस्ट भी भोजपुरी में थी। भोजपुरी बिहार की एक प्रमुख भाषा है जो इस कैरेबियाई देश त्रिनिदाद और टोबैगो में भारतीय समुदाय द्वारा भी बोली जाती है। मोदी ने कहा ‘‘चाहे लोकतंत्र हो राजनीति हो कूटनीति हो उच्च शिक्षा हो…बिहार ने सदियों पहले ऐसे अनेक विषयों में दुनिया को नयी दिशा दिखाई थी।’’

उन्होंने कहा कि ‘‘21वीं सदी की दुनिया के लिए बिहार की धरती से नयी प्रेरणाएं और नए अवसर उभरेंगे।’’ मोदी ने घोषणा की कि भारत गिरमिटिया समुदाय का एक व्यापक डेटाबेस बनाने पर सक्रिय रूप से काम कर रहा है। उन्होंने कहा ‘‘इससे त्रिनिदाद और टोबैगो में हमारे भाइयों और बहनों के साथ गहरे और ऐतिहासिक संबंधों को भी बल मिलेगा।’’ इस समुदाय में मुख्य रूप से बिहार और उत्तर प्रदेश के लोग शामिल थे जिन्हें ब्रिटिश काल के दौरान भारत से दक्षिण अफ्रीका फिजी मॉरीशस और कैरिबियाई द्वीपों में बागानों में काम करने के लिए भेजा गया था।

बिहार की राजनीति से जुड़े लोगों के अनुसार राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए प्रधानमंत्री मोदी का यह कदम महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बिहार में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं और भाजपा राज्य में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का हिस्सा है।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडियाफोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: