ब्रिटेन के प्रिंस चार्ल्स को दान के रूप में कतर से मिली नकदी : रिपोर्ट

लंदन, ब्रिटेन के राजसिंहासन के उत्तराधिकारी प्रिंस चार्ल्स ने कतर के पूर्व प्रधानमंत्री से कथित तौर पर दान के रूप में नकदी से भरा एक सूटकेस स्वीकार किया था। ब्रिटेन की मीडिया ने रविवार को एक रिपोर्ट में इसका खुलासा किया है।

ब्रिटेन के दैनिक समाचार पत्र ‘द संडे टाइम्स’ की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रिंस चार्ल्स (73) को दान के रूप में सूटकेस समेत नकदी के तीन बंडल मिले थे। यह नकदी उन्हें कतर के पूर्व प्रधानमंत्री शेख हमद बिन जसीम बिन जबेर अल थानी ने दी थी।

रिपोर्ट के मुताबिक, प्रिंस चार्ल्स को 2011 से 2015 के बीच दान के रूप में तीन किस्तों में कुल 30 लाख यूरो की राशि दी गयी थी।

तीनों बार भुगतान की राशि को कथित तौर पर प्रिंस ऑफ वेल्स के चैरिटेबल फंड के खातों में जमा किया गया था, जो अनुदान देने वाली एक संस्था है और यह स्कॉटलैंड में प्रिंस चार्ल्स की संपत्ति तथा उनकी विशेष परियोजनाओं को धन राशि मुहैया कराती है।

प्रिंस चार्ल्स के कार्यालय ने एक बयान में कहा, “शेख हमद बिन जसीम से प्राप्त दान तुरंत राजकुमार की एक चैरिटेबल संस्था को स्थानांतरित कर दिया गया था। इस संस्था ने हमें आश्वासन दिया है कि सभी सही प्रक्रियाओं का पालन किया गया था।”

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia commons

%d bloggers like this: