भारत को ऊर्जा, बुनियादी ढांचा क्षेत्रों में आत्मनिर्भर बना रही है बीएचईएल : भारी उद्योग मंत्री

नयी दिल्ली, केंद्रीय भारी उद्योग मंत्री महेंद्र नाथ पांडेय ने कहा है कि सार्वजनिक क्षेत्र की इंजीनियरिंग कंपनी बीएचईएल न केवल भारत को ऊर्जा तथा बुनियादी ढांचा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बना रही है, बल्कि रक्षा तथा अंतरिक्ष क्षेत्रों में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही है।

कंपनी की ओर से जारी बयान के अनुसार, मंत्री ने सोमवार को बीएचईएल दिवस के अवसर पर नोएडा में नवनिर्मित बीएचईएल सदन का उद्घाटन किया।

पांडेय ने इस अवसर पर 2070 तक ‘शुद्ध शून्य’ कार्बन उत्सर्जन के लक्ष्य को प्राप्त करने के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान को दोहराया और कहा कि नवीनतम प्रौद्योगिकी तथा मानकों के तहत निर्मित यह 18 मंजिला पर्यावरण-अनुकूल हरित भवन पर्यावरण संरक्षण के प्रति बीएचईएल की प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

स्थापना के बाद से ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियान में बीएचईएल के योगदान को रेखांकित करते हुए पांडेय ने कहा कि कंपनी न केवल भारत को ऊर्जा तथा बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रयास कर रही है, बल्कि यह रक्षा तथा अंतरिक्ष के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही है।

इस मौके पर बिजली एवं भारी उद्योग राज्यमंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि 2,000 से अधिक लोगों की बैठने की क्षमता वाली यह नई इमारत दिल्ली-एनसीआर (राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र) स्थित सभी कार्यालयों को एक ही जगह से काम करने की सुविधा प्रदान करेगी। इसके परिणामस्वरूप बेहतर समन्वय और प्रदर्शन सुनिश्चित होगा।

बीएचईएल के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीएमडी) के. सदाशिव मूर्ति ने कहा कि दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में काम करने वाले अधिकतर कर्मचारी नोएडा में कंपनी की टाउनशिप में रहते हैं। कंपनी के सभी कार्यालयों के नए भवन में स्थानांतरित होने से उनके पेशेवर और निजी जीवन में बेहतर तालमेल स्थापित हो पाएगा।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: