मध्यप्रदेश के कुनो राष्ट्रीय उद्यान में चीता नीरवा ने शावकों को जन्म दिया

भोपाल, मध्यप्रदेश में श्योपुर जिले के कुनो राष्ट्रीय उद्यान (केएनपी) में मादा चीता नीरवा ने शावकों को जन्म दिया है। राज्य वन विभाग ने सोमवार को यह जानकारी दी। वन अधिकारियों ने शावकों की सही संख्या नहीं बताई। विभाग ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया ‘‘कुनो से अच्छी खबर है। श्योपुर जिले में स्थित कुनो राष्ट्रीय उद्यान में मादा चीता नीरवा ने शावकों को जन्म दिया है।’’ पिछले महीने मुख्यमंत्री मोहन यादव ने यह जानकारी साझा की थी कि एक मादा चीता गर्भवती है और जल्द ही शावकों को जन्म देगी। कुनो में शावकों के जन्म की रिपोर्ट के बारे में पूछे जाने पर प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) असीम श्रीवास्तव ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि जब तक उद्यान से चीते के शावकों की संख्या के बारे में पुष्टि नहीं हो जाती तब तक वह इस पर कोई टिप्पणी नहीं कर पाएंगे। इससे पहले केएनपी में 17 चीता शावकों का जन्म हुआ था। उनमें से 12 शावकों के जीवित रहने के बाद केएनपी में चीतों की संख्या पिछली बार 24 बताई गई । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 17 सितंबर 2022 को दुनिया के पहले अंतरमहाद्वीपीय स्थानांतरण के हिस्से के रूप में नामीबिया से लाए गए आठ चीतों – पांच मादा और तीन नर – को केएनपी में बाड़ों में छोड़ा है। शिकार के चलते चीतों के विलुप्त होने के करीब आठ दशक बाद चीतों का यह स्थानांतरण था। फरवरी 2023 में देश में चीतों को फिर से लाने की भारत सरकार की परियोजना के हिस्से के रूप में दक्षिण अफ्रीका से 12 अन्य चीतों को मध्यप्रदेश के राष्ट्रीय उद्यान में स्थानांतरित किया गया।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडियाफोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: