ढाका, रूस और यूक्रेन के संकट ने महामारी के बाद खाद्य आपूर्ति में नयी चुनौतियां पैदा की हैं। संयुक्त राष्ट्र के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह बात कही।
विश्व खाद्य सुरक्षा पर समिति के प्रमुख गैबरील फरेरो डि लोमा-ओसोरियो ने कहा, ‘‘हमारे हालात ठीक नहीं हैं। महामारी से पहले भी भुखमरी धीरे-धीरे बढ़ रही थी और फिर महामारी ने हमला कर दिया।’’
यह समिति भुखमरी के खिलाफ लड़ाई के लिए संयुक्त राष्ट्र का एक मंच है।
लोमा ओसोरियो ने कहा कि इस समय दुनिया में महामारी से पहले की तुलना में अनुमानत: 16.1 करोड़ अधिक लोग भुखमरी से जूझ रहे हैं और इस तरह इनकी कुल संख्या 82.1 करोड़ हो गयी है। यूक्रेन पर रूस के हमले ने खाद्य सामग्री की उपलब्धता और उनकी कीमत पर भारी असर डाला है।
उन्होंने कहा कि देशों को अपनी खाद्य सुरक्षा के लिए सतर्क रहना होगा।
उदाहरण के लिए बांग्लादेश अपने लगभग आधे गेहूं का आयात यूक्रेन और रूस से करता है। गेहूं की आपूर्ति में अभी वैश्विक अवरोध पैदा नहीं हुए हैं लेकिन यूक्रेन पर रूस के हमले से एक सप्ताह पहले से इसके दाम में 55 प्रतिशत वृद्धि हो गयी है।
क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : AP Photo