मिजोरम में अफ्रीकन स्वाइन फीवर से 16 और सूअरों की मौत

आइजोल, मिजोरम में अफ्रीकन स्वाइन फीवर से कम से कम 16 और सूअरों की मौत हो जाने के बाद पिछले दो महीने में राज्य में इस बीमारी के कारण मरने वाले पशुओं की संख्या बढ़कर 770 हो गई। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि इस साल फरवरी से संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए कम से कम 124 सूअरों को मार दिया गया। पशुपालन एवं पशु चिकित्सा विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. लालमिंगथंगा ने कहा, ‘‘इसके अलावा, संदिग्ध अफ्रीकन स्वाइन फीवर के कारण 205 सूअरों की मौत हो गई है। बीमारी के प्रकोप के कारण आइजोल, चम्फाई, लुंगलेई और सैतुअल जिलों के कम से कम 17 गांव प्रभावित हुए हैं।’’

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अफ्रीकन स्वाइन फीवर के नियंत्रण, रोकथाम और उन्मूलन के लिए राष्ट्रीय कार्य योजना के तहत, बीमारी को फैलने से रोकने के लिए प्रयास कर रही है।

इस साल अफ्रीकन स्वाइन फीवर के मामले सामने आने के बाद मिजोरम पहले ही दूसरे राज्यों से सूअर और सूअर के मांस के उत्पादों के आयात पर प्रतिबंध लगा चुका है। पिछले साल इस बीमारी के प्रकोप के कारण कुल मिलाकर 33,417 सूअरों की मौत हो गई थी, जिससे 60.82 करोड़ रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ था। पिछले साल मार्च में राज्य में पहली बार इस संक्रामक बीमारी की सूचना मिली थी।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia commons

%d bloggers like this: