हेग, यूरोपीय संघ की न्यायिक सहयोग एजेंसी ‘‘यूरोजस्ट’यूक्रेन में आक्रामकता के अपराध के सबूत एकत्र करने के प्रयासों का समर्थन करने के लिए एक नया केंद्र स्थापित कर रही है।
एजेंसी ने यह घोषणा यूक्रेन पर रूसी हमले के एक साल पूरा होने के एक दिन पहले तथा वहां अपराधों के लिए जवाबदेही और रूसी नेताओं द्वारा आक्रामकता के अपराध के खिलाफ मुकदमा चलाने के अंतरराष्ट्रीय आह्वान के बीच की गई।
एक विशेष न्यायाधिकरण की स्थापना के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दबाव बढ़ रहा है ताकि रूसी नेताओं के खिलाफ आक्रामकता के अपराध (एक देश द्वारा दूसरे देश पर अवैध हमला) के लिए मुकदमा चलाया जा सके।
एजेंसी में यूक्रेन के प्रतिनिधि मिरोस्लावा क्रास्नोबोरोवा ने कहा, “यह यूक्रेन का दृढ़ विश्वास है कि आक्रामकता के अपराध के लिए रूसी संघ के नेतृत्व के अभियोजन में जवाबदेही के प्रयासों को भी शामिल किया जाना चाहिए।”
यह अभी स्पष्ट नहीं है कि हमले के लिए मुकदमा कब और कहां हो सकता है। अंतररष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय यूक्रेन में जांच कर रहा है लेकिन उसका यह क्षेत्राधिकार नहीं है। क्रास्नोबोरोवा ने कहा कि संभावित स्थान के लिए “सभी विकल्प खुले हैं।”
क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia commons