वाशिंगटन, अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन बुधवार को की गई जांच में कोरोना वायरस के संक्रमण से मुक्त पाये गए हैं। इससे पहले मंगलवार रात की गई जांच में भी संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई थी। बाइडन के डॉक्टर के हवाले से जारी पत्र में व्हाइट हाउस ने यह जानकारी दी।
संक्रमण मुक्त होने के बाद बाइडन ने ‘‘कड़ा पृथकवास’’ समाप्त कर दिया है। 79 वर्षीय बाइडन पिछले सप्ताह कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए थे।
डॉ केविन ओकोन्नोर ने कहा कि राष्ट्रपति ने उपचार की अवधि पूरी कर ली है और उनको बुखार नहीं है। उन्होंने कहा कि अब बाइडन में कोविड-19 बीमारी के कोई लक्षण नहीं हैं।
व्हाइट हाउस के बयान जारी करने के कुछ देर बाद बाइडन ने ट्वीट किया, ‘‘ओवल (कार्यालय) में वापसी।’’
अमेरिकी राष्ट्रपति ने ट्वीट के साथ कोविड-19 रैपिड जांच वाली फोटो साझा करते हुए परिणाम ‘नेगेटिव’ आने की घोषणा की।
बाइडन बुधवार को ही किसी समय व्हाइट हाउस के ‘रोज गार्डन’ में नजर आ सकते हैं।
उल्लेखनीय है कि बाइडन 21 जुलाई को कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए थे। हालांकि, वह पृथकवास के दौरान ऑनलाइन माध्यम से अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे थे।
क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia commons