राहुल गांधी अलगाववादी तत्वों को उकसा रहे, उनमें और उल्फा में कोई फर्क नहीं: हिमंत

नयी दिल्ली, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने रविवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी भारत को राज्यों का संघ बताकर ‘अलगाववादी तत्वों को उकसा’ कर रहे हैं और उनमें तथा उग्रवादी समूह उल्फा में कोई फर्क नहीं है।

वह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की साप्ताहिक पत्रिकाओं ‘ऑर्गनाइजर एवं पांचजन्य’ के 75 साल पूरा होने पर यहां आयोजित मीडिया संगोष्ठी में बोल रहे थे।

ऑर्गनाइजर के संपादक प्रफुल्ल केतकर के राहुल गांधी द्वारा भारत को राज्यों का संघ बताने के बारे में पूछे गए सवालों के जवाब में सरमा ने कहा कि भारत सांस्कृतिक रूप से एक है।

असम के मुख्यमंत्री ने कहा, ‘भारत को सिर्फ राज्यों के संघ के रूप में पहचान देना हमारी 5000 साल पुरानी समृद्ध सभ्यता को चुनौती देने के समान है… अगर भारत राज्यों का संघ है, तो इसका मतलब है कि आप भारत की हर चीज पर विवाद खड़ा कर रहे हैं।’

उन्होंने आरोप लगाया, ‘अब राहुल गांधी लोगों को यह समझा रहे हैं (कि भारत राज्यों का एक संघ है)। वह अलगाववादी तत्वों को उकसा रहे हैं। हो सकता है कि जेएनयू से कोई उन्हें पढ़ा रहा हो… अंग्रेजी के अलावा उनकी और उल्फा की भाषा में कोई अंतर नहीं है।’

वर्ष 2015 में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आने वाले सरमा ने कहा कि सोनिया गांधी के नेतृत्व वाली पार्टी गांधी परिवार से परे कुछ भी नहीं है।

सरमा ने कहा, ‘कांग्रेस में गांधी परिवार के अलावा कुछ नहीं है। भाजपा में, हम देश को पहले रखते हैं। लेकिन अगर आप जाकर गांधी परिवार से कहते हैं कि भारत आपसे बड़ा है, तो आप कांग्रेस में अपना पद खो देंगे।’

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia commons

%d bloggers like this: