रूस के यूक्रेन पर हमला ना करने पर पुतिन के साथ बैठक कर सकते हैं बाइडन: अमेरिका

वाशिंगटन, व्हाइट हाउस ने कहा है कि रूस अगर यूक्रेन पर हमला नहीं करे तो अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन अपने रूसी समकक्ष व्लादिमीर पुतिन के साथ ‘‘सैद्धांतिक रूप से’’ बैठक करने को तैयार हैं।

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की मध्यस्थता से यह स्थिति बनी है। अमेरिका ने लगातार आगाह किया है कि रूस कभी भी यूक्रेन पर हमला कर सकता है और साथ ही रूस के ऐसा करने पर उस पर कड़े प्रतिबंध लगाने की चेतावनी भी दी है। उधर, रूस ने यूक्रेन पर हमला करने के अमेरिकी दावों को खारिज किया है।

व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव जेन साकी ने कहा, ‘‘ राष्ट्रपति ने लगातार यह स्पष्ट किया है कि हम हमला शुरू होने के क्षण तक कूटनीतिक समाधान तलाश करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।’’

साकी ने कहा कि अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन और रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव भी बृहस्पतिवार को यूरोप में मुलाकात करेंगे, बशर्ते रूस सैन्य कार्रवाई की तरफ नहीं बढ़े।

साकी ने एक बयान में कहा, ‘‘राष्ट्रपति बाइडन रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ सैद्धांतिक रूप से बैठक करने को तैयार हैं, अगर बैठक के बाद हमला नहीं हो। हम कूटनीतिक रास्ते पर चलने को हमेशा तैयार हैं। ’’

साकी ने कहा कि बाइडन ने मैक्रों से रविवार को बात की थी और दोनों नेताओं ने यूक्रेन की सीमाओं पर रूस के सैनिकों की तैनाती के जवाब में कूटनीतिक और प्रतिरोधात्मक प्रयासों पर चर्चा की।

एक अनुमान के अनुसार, यूक्रेन के सीमाओं पर रूस ने अपने 1,50,000 सैनिकों की तैनाती की है, जबकि 30 जनवरी तक वहां एक लाख सैनिक ही थे।

उन्होंने कहा, ‘‘ अगर रूस ने युद्ध का रास्ता चुना तो हम त्वरित एवं गंभीर कार्रवाई करने को भी तैयार हैं। वर्तमान में, रूस तेजी से यूक्रेन पर व्यापक स्तर पर हमला करने की तैयारी कर रहा है।’’

इससे पहले, अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने ‘सीएनएन’ के साथ एक साक्षात्कार में कहा था कि राष्ट्रपति बाइडन युद्ध को रोकने के लिए पुतिन के साथ किसी भी जगह और किसी भी समय, किसी भी प्रारूप में बातचीत करने के लिए तैयार हैं।

ब्लिंकन ने कहा था, ‘‘ जैसा हमने पहले ही कहा है कि हर कदम आक्रमण की आशंका उत्पन्न कर रहा है। ये सभी उकसावे की कार्रवाई है, ताकि अपने कदमों को उचित ठहराया जा सके।’’

गौरतलब है कि रूस ने रविवार को यूक्रेन की उत्तरी सीमाओं के पास सैन्य अभ्यास बढ़ा दिया था। उसने यूक्रेन की उत्तरी सीमा से लगे बेलारूस में करीब 30,000 सैनिकों की तैनाती की है। साथ ही यूक्रेन की सीमाओं पर 1,50,000 सैनिकों, युद्धक विमानों और अन्य साजो-सामान की तैनाती कर रखी है। कीव की आबादी करीब 30 लाख है।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia commons

%d bloggers like this: