तोक्यो, जापान ने शुक्रवार को जारी एक कूटनीतिक रिपोर्ट में कहा है कि जिन चार द्वीपों के मालिकाना हक को लेकर विवाद चल रहा है उनपर ‘‘रूस ने गैरकानूनी तरीके से कब्जा’’ कर लिया है।
नयी रिपोर्ट में जापान ने पुराने कूटनीतिक रिपोर्ट के मुकाबले ज्यादा कड़े शब्दों का उपयोग किया है जो दिखाता है कि यूक्रेन पर हमले के बाद जापान और रूस के बीच संबंधों में और तनाव आया है।
जापान के विदेश मंत्रालय द्वारा तैयार किए गए देश की विदेश नीति पर रिपोर्ट ‘2022 डिप्लोमैटिक ब्लूबुक’ में ऐसे शब्दों का उपयोग दो दशकों में पहली बार किया गया है।
कुर्लिस, जिसे जापान उत्तरी सीमा कहता है, पर नियंत्रण वापस पाने के लिए तोक्या, मास्को के साथ संबंधों को बेहतर बनाने का प्रयास कर रहा है और इससे पहले की रिपोर्ट में वह हमेशा बेहद संयमित शब्दों का उपयोग करता रहा है।
मंत्रालय ने रिपोर्ट में कहा है, ‘‘उत्तरी सीमा के द्वीप समूहों पर जापान की सम्प्रभुता है और वे जापान का अभिन्न अंग हैं लेकिन वर्तमान में रूस ने उनपर अवैध तरीके से कब्जा किया हुआ है।’’
रूस के नियंत्रण वाले जिन द्वीपों को लेकर विवाद है उन्हें पूर्ववर्ती सोवियत संघ ने दूसरे विश्व युद्ध के बाद जापान से छीन लिया था और इसी कारण दोनों देशों के बीच युद्ध समाप्ति को लेकर कभी औपचारिक शांति संधि नहीं हो पायी।
जापान की इस कूटनीतिक रिपोर्ट में 2003 में अंतिम बार कड़े शब्दों का उपयोग किया गया था ।
क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Associated Press