हरियाणा में गुरुग्राम, नूंह के लिए दूसरी बिजली वितरण कंपनी को मंजूरी

नयी दिल्ली, हरियाणा ने इलेवन पावर प्राइवेट लिमिटेड को बिजली वितरण का पहला समानांतर लाइसेंस दिया है। इससे गुरुग्राम और नूंह के 8.30 लाख से अधिक उपभोक्ताओं को चरणबद्ध तरीके से दो बिजली वितरण कंपनियों में से किसी एक को चुनने का विकल्प मिल सकेगा। इलेवन पावर ने बयान में कहा कि हरियाणा विद्युत नियामक आयोग (एचईआरसी) ने 19 अक्टूबर के आदेश में बिजली अधिनियम 2003 की धारा 14 के तहत कंपनी को दोनों जिलों में 25 साल के लिए लाइसेंस दिया है।

कंपनी अगले पांच साल में बिजली वितरण नेटवर्क पर 4 717 करोड़ रुपये का निवेश करने की योजना बना रही है। बिजली आपूर्ति वित्त वर्ष 2027-28 में शुरू होने की उम्मीद है।

यह लाइसेंस इलेवन पावर को मौजूदा बिजली वितरण कंपनी की जगह लेने के बजाय उसके साथ काम करने की अनुमति देता है। उपभोक्ताओं को अभी कोई कदम उठाने की जरूरत नहीं है और मौजूदा बिजली वितरण कंपनी अपने ग्राहकों को आपूर्ति जारी रखेगी।

यह मंजूरी हरियाणा के बिजली क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम है। बिजली अधिनियम की धारा 14 एक ही क्षेत्र में एक से अधिक बिजली वितरण लाइसेंसधारकों को काम करने की अनुमति देती है। यह व्यवस्था मुंबई सहित देश के कुछ अन्य हिस्सों में पहले से लागू है।

कंपनी के बयान के अनुसार गुरुग्राम मानेसर सोहना और नूंह में आवासीय वाणिज्यिक और औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार के साथ बिजली की मांग बढ़ने का अनुमान है।

नियामक द्वारा मंजूर वृद्धि दरों के आधार पर इलेवन पावर के अनुमानों के मुताबिक प्रस्तावित लाइसेंस क्षेत्र में सालाना बिजली बिक्री वित्त वर्ष 2024-25 के करीब 12 220 करोड़ यूनिट से बढ़कर वित्त वर्ष 2030-31 तक 18 224 करोड़ यूनिट होने का अनुमान है।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: