हांगकांग में दमनात्मक कार्रवाई के बीच राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने अपना अपराध स्वीकार किया

हांगकांग, हांगकांग के अधिकारियों का कहना है कि राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत आरोपों का सामना कर रहे 47 लोकतंत्र समर्थक कार्यकर्ताओं में से 29 ने बृहस्पतिवार को अपना अपराध स्वीकार कर लिया। अधिकारियों की यह टिप्पणी चीन की सरकार द्वारा हांगकांग में विपक्षी आवाज को दबाने का प्रयास किए जाने के बीच आई है।

बृहस्पतिवार की अदालती कार्यवाही चीन की सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी के प्रति पूर्ण वफादारी के खिलाफ आवाज उठाने वालों के खिलाफ व्यापक अभियान के बीच हुई।

चीन द्वारा लागू राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत 47 लोकतंत्र कार्यकर्ताओं के खिलाफ तोड़फोड़ की साजिश का आरोप लगाया गया था। इन कार्यकर्ताओं को पिछले साल हिरासत में ले लिया गया था। इन सबकी उम्र 23 से 64 वर्ष के बीच है।

हांगकांग के मीडिया के अनुसार अपना अपराध स्वीकार करने वाले कार्यकर्ताओं में जोशुआ वोंग और बेनी ताई जैसे प्रसिद्ध कार्यकर्ता शामिल हैं।

ऐसे मामलों की खबरें मीडिया में प्रकाशित करने पर लगी रोक हटा दी गयी है। इन मामलों की सुनवाई अगले महीने हांगकांग के उच्च न्यायालय में शुरू होगी।

हांगकांग वर्ष 1997 में ब्रिटिश शासन से चीन को इस वादे के साथ सौंपा गया था कि वह 50 साल तक अपनी कानूनी, आर्थिक और सामाजिक व्यवस्था बनाए रखेगा। 2019 के लोकतंत्र समर्थक आंदोलन के बाद हांगकांग के करीब 2,000 लोगों को हिरासत में लिया गया है और मुख्य विपक्षी अखबार ‘एप्पल डेली’ को बंद कर दिया गया है।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Associated Press (AP)

%d bloggers like this: