नयी दिल्ली, केंद्रीय जल आयोग (सीडब्ल्यूसी) ने अपनी रिपोर्ट में जलवायु परिवर्तन के प्रभावों को रेखांकित करते हुए कहा है कि हिमालयी क्षेत्र में हिमनद झीलों और अन्य जलाशयों का गत 14 वर्षों में 9.24 प्रतिशत विस्तार हुआ है।
रिपोर्ट के मुताबिक हिमनद झीलों और जल निकायों का कुल क्षेत्रफल 2011 में 5.30 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 2025 में 5.79 लाख हेक्टेयर हो गया है।
आयोग की मासिक निगरानी रिपोर्ट हिमालयी क्षेत्र के जलाशयों पर नजर रखती है। इसकी अगस्त की रिपोर्ट में कहा गया है कि सिकुड़ते ग्लेशियर और हिमनद झीलों का विस्तार इस क्षेत्र में ‘ग्लोबल वार्मिंग’ के सबसे स्पष्ट संकेत बन गए हैं। हालांकि इस रिपोर्ट को अबतक सार्वजनिक नहीं किया गया है।
सीडब्ल्यूसी ने कहा कि गत 14 वर्ष में 1 435 हिमनद झीलों और जलाशयों के जल विस्तार क्षेत्र में वृद्धि हुई है जबकि 1 008 में कमी दर्ज की गई है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि आयोग ‘गूगल अर्थ इंजन’ के माध्यम से उच्च-रिज़ॉल्यूशन सेंटिनल उपग्रह के प्राप्त आंकड़ों का इस्तेमाल 2 843 हिमनद झीलों और जलाशयों की निगरानी के लिए करता है। इनमें से भारत में स्थित 428 हिमनद झीलों में विस्तार देखा गया है और ‘‘आपदा तैयारियों के लिए गहन निगरानी’’ की आवश्यकता है।
सीडब्ल्यूसी के मुताबिक इनमें 133 लद्दाख में 50 जम्मू-कश्मीर में 13 हिमाचल प्रदेश में सात उत्तराखंड में 44 सिक्किम में और 181 अरुणाचल प्रदेश में अवस्थित हैं। आयोग की रिपोर्ट के मुताबिक भारत में हिमनद झीलों का कुल जल विस्तार क्षेत्र 2011 में 1 995 हेक्टेयर था जो बढ़कर 2025 में 2 445 हेक्टेयर हो गया। इस प्रकार इसमें 22.56 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
आयोग ने चेतावनी दी है कि हिमनद झीलों के आकार में बढ़ोतरी होने से इनके अचानक फटने का खतरा है। इस दौरान अस्थिर हिमोढ़ बांधों के तट टूट जाते हैं जिससे अचानक बाढ़ आती है और निचले इलाके में व्यापक क्षति हो सकती है। रिपोर्ट में कहा गया है कि वर्तमान जानकारी के आधार पर हिमनद झीलों के फटने की घटनाओं का प्रत्यक्ष पूर्वानुमान लगाना संभव नहीं है तथा निरंतर निगरानी के महत्व को रेखांकित किया गया है।
मासिक निगरानी रिपोर्ट पूर्व चेतावनी प्रणालियों की मदद के लिए केंद्रीय और राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरणों के साथ साझा की जाती हैं तथा व्यापक पहुंच के लिए सीडब्ल्यूसी वेबसाइट पर प्रकाशित की जाती हैं। भारतीय नदी बेसिन 2023 के हिमनद झील एटलस के अनुसार हिमालयी नदी बेसिन में 0.25 हेक्टेयर से बड़ी 28 043 हिमनद झीलों का मानचित्रण किया गया है जिनमें से 7 570 भारत में स्थित हैं।
क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia common