अदाणी से कभी नहीं मिला : मुख्यमंत्री स्टालिन

चेन्नई, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने मंगलवार को कहा कि उन्होंने उद्योगपति गौतम अदाणी से कभी मुलाकात नहीं की और उन्होंने जानना चाहा कि क्या भाजपा और उसकी सहयोगी पीएमके अदाणी मुद्दे पर संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) से जांच के लिए तैयार हैं। विधानसभा में पीएमके नेता जी.के. मणि द्वारा उठाए गए सवाल का जवाब देते हुए स्टालिन ने कहा कि उनका उस उद्योगपति से कोई संबंध नहीं है जिसके बारे में पीएमके और भाजपा ये ‘दुष्प्रचार’ अभियान चला रहे हैं कि मुख्यमंत्री का उनसे संबंध है। स्टालिन ने मणि की ओर इशारा करते हुए पूछा ‘‘बिजली मंत्री सेंथिल बालाजी पहले ही विस्तृत तरीके से बता चुके हैं। मेरा और अदाणी का कोई संबंध नहीं है। क्या आप इस मुद्दे पर जेपीसी जांच के लिए तैयार हैं ’’ कांग्रेस और कुछ अन्य विपक्षी दल रिश्वतखोरी के आरोपों में अदाणी और कंपनी के अन्य अधिकारियों पर अमेरिकी अदालत में अभियोग लगाए जाने के बाद जेपीसी जांच की मांग कर रहे हैं। शुरू में विधानसभा अध्यक्ष एम. अप्पावु ने मणि को यह मुद्दा उठाने की अनुमति देने से इनकार कर दिया क्योंकि ये मुद्दा पहले से ही संसद में उठ रहा है। हालांकि पीएमके विधायक ने जोर देकर कहा कि अदाणी पर अभियोग एक गंभीर मुद्दा है और मुख्यमंत्री को खुद अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडियाफोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: