कश्मीर के कुछ हिस्सों में शीतलहर, अधिकांश स्थानों पर मौसम की सबसे ठंडी रात

श्रीनगर, कश्मीर घाटी के कुछ हिस्सों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है और न्यूनतम तापमान हिमांक बिंदु से कई डिग्री नीचे चला गया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि श्रीनगर और कई अन्य स्थानों पर आसमान साफ रहने से इस मौसम का अब तक का सबसे कम न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। अधिकारियों ने बताया कि रात का तापमान सामान्य से 2.7 से 5.7 डिग्री सेल्सियस कम रहा। अधिकारियों के अनुसार श्रीनगर शहर में न्यूनतम तापमान शून्य से 5.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जो पिछली रात के शून्य से नीचे 3.3 डिग्री सेल्सियस से भी कम है। उन्होंने बताया कि सोमवार की रात शहर में इस मौसम की अब तक की सबसे ठंडी रात थी और तापमान सामान्य से 4.8 डिग्री सेल्सियस कम था। अधिकारियों ने बताया कि घाटी के कुछ इलाकों में भीषण ठंड के कारण जलापूर्ति वाले पाइपों में पानी जम गया हैं। अधिकारियों ने बताया कि उत्तरी कश्मीर के प्रसिद्ध स्की रिसॉर्ट गुलमर्ग में रात का तापमान शून्य से नौ डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जो इस मौसम में सबसे कम है। उन्होंने बताया कि बीती रात रिसॉर्ट कश्मीर का सबसे ठंडा स्थान था। उन्होंने बताया कि वार्षिक अमरनाथ यात्रा के आधार शिविर पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 8.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। कश्मीर के प्रवेश द्वार काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से 6.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जबकि उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा में न्यूनतम तापमान शून्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस नीचे और दक्षिण कश्मीर के कोकेरनाग में शून्य से चार डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में रविवार और सोमवार की मध्य रात्रि में बर्फबारी हुई। अधिकारियों ने बताया कि मैदानी इलाकों में शुष्क मौसम के कारण खांसी और जुकाम जैसी बीमारियां बढ़ीं हैं। चिकित्सकों ने विशेषकर बच्चों और बुजुर्गों समेत सभी लोगों को सावधानी बरतने तथा ठंड से बचने के लिए अपने घरों के अंदर रहने की सलाह दी है। मौसम विभाग ने 18 दिसंबर तक कश्मीर में मुख्यतः शुष्क मौसम रहने का अनुमान जताया है तथा 12 दिसंबर को घाटी के ऊंचाई वाले इलाकों में कुछ स्थानों पर हल्की बर्फबारी की संभावना है।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडियाफोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: