अपनी गलतियां स्वीकार करने के बजाय नेहरू पर दोषारोपण कर रही है भाजपा सरकार : मनमोहन सिंह

चंडीगढ़, पूर्व प्रधानमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनमोहन सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नीत केंद्र सरकार पर तीखा हमला करते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पिछले सात साल से अधिक समय से सत्ता में है, लेकिन लोगों की समस्याओं के लिए वह अब भी देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू को दोषी ठहरा रही है।

सिंह ने किसान आंदोलन, विदेश नीति, महंगाई और बेरोजगारी समेत कई मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा का राष्ट्रवाद ब्रितानी नीति ‘‘फूट डालो और राज करो’’ पर आधारित है।

पंजाब विधानसभा के लिए 20 फरवरी को होने वाले चुनाव से पहले सिंह ने पंजाबी भाषा में एक वीडियो संदेश के जरिए यह टिप्पणी की, जिसे कांग्रेस ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में दिखाया।

सिंह ने कहा कि सरकार विदेश नीति के मामले में ‘‘बुरी तरह असफल’’ साबित हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि चीनी सेना ‘‘पिछले एक साल से हमारी पवित्र धरती पर कब्जा जमाए है, लेकिन इस मामले को दबाने के प्रयास किए जा रहे हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘पड़ोसी देशों के साथ भी हमारे संबंध खराब हो रहे हैं।’’ उन्होंने कहा कि सरकार को देश के संविधान पर भरोसा नहीं है और ‘‘संस्थाओं को लगातार कमजोर किया जा रहा है।’’

सिंह ने कहा, ‘‘देश एक ओर महंगाई और बेरोजगारी की समस्या से जूझ रहा है, तो दूसरी ओर पिछले साढ़े सात साल से सत्ता पर काबिज मौजूदा सरकार अपनी गलतियां स्वीकार करने और उनमें सुधार करने के बजाय, लोगों की समस्याओं के लिए अब भी देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू को दोषी ठहरा रही है।’’

पूर्व प्रधानमंत्री ने पिछले महीने फिरोजपुर में एक पुल पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का काफिला फंस जाने संबंधी सुरक्षा चूक का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, ‘‘कुछ दिन पहले प्रधानमंत्री की सुरक्षा के नाम पर (पंजाब के) मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और राज्य के लोगों को बदनाम करने की कोशिश की गई।’’

उन्होंने कहा, ‘‘किसान आंदोलन के दौरान भी पंजाब और पंजाबियत को बदनाम करने का प्रयास किया गया।’’

सिंह ने कहा कि दुनिया पंजाब के लोगों की बहादुरी, देशभक्ति और बलिदान को सलाम करती है, लेकिन राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार इन सब के बारे में बात नहीं करती। उन्होंने कहा, ‘‘पंजाब से संबंध रखने वाले एक सच्चा भारतीय होने के नाते, ये सभी बातें मुझे बहुत दुखी करती हैं।’’

उन्होंने कहा कि पंजाब के लोगों के सामने कई चुनौतियां हैं और उनसे प्रभावी तरीके से निपटना बहुत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब के विकास और उसकी खेती तथा बेरोजगारी से जुड़े मामलों से निपटना आवश्यक है।

उन्होंने पंजाब के लोगों से कांग्रेस को वोट देने की अपील करते हुए कहा, ‘‘और यह काम केवल कांग्रेस कर सकती है।’’

सिंह ने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री के तौर पर 10 साल काम किया और हमेशा इस बात को प्राथमिकता दी कि उनका काम ही खुद बोले।

उन्होंने कहा, ‘‘हमने राजनीतिक लाभ के लिए कभी देश को नहीं बांटा। हमने सच पर पर्दा डालने की कभी कोशिश नहीं की। हमने देश की प्रतिष्ठा कभी कम नहीं होने दी।’’

उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत और भारतीयों की प्रतिष्ठा बढ़ी। उन्होंने कहा कि देश को कांग्रेस नीत संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन सरकार में किए गए अच्छे काम याद हैं।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia commons

%d bloggers like this: