फ्रांसीसी राष्ट्रपति मैक्रों मध्यस्थता के लिए रूस, यूक्रेन की यात्रा करेंगे

पेरिस, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों यूक्रेन पर आक्रमण शुरू करने से रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को रोकने और बढ़ते तनाव का कम करने का राजनयिक तरीका ढूंढने के प्रयास के तहत अगले सप्ताह मास्को और कीव जाएंगे।

मैक्रों की यह यात्रा सोमवार और मंगलवार को प्रस्तावित है। उनकी यह यात्रा अमेरिका की ओर से बृहस्पतिवार को लगाये गये इस आरोप के बाद होगी कि रूस अपने पड़ोसी यूक्रेन की ओर से रूसी क्षेत्र पर हमला किये जाने की आशंका की आड़ में सैन्य हमला करने और क्षेत्र में युद्ध थोपने की साजिश रच रहा है। हालांकि अमेरिका ने अपने दावों के समर्थन में किसी तरह की विस्तृत जानकारी नहीं दी है।

यद्यपि फ्रांस नाटो का महत्वपूर्ण घटक है और रोमानिया पर रूस के हमले की आशंका के मद्देनजर गठबंधन की ओर से की जा रही तैयारी के तहत अपनी सेना भेज रहा है, लेकिन मैक्रों अपने रूसी समकक्ष के साथ संवाद की वकालत करते रहे हैं और खुद भी हाल के सप्ताह में पुतिन से कई बार बात की है। मैक्रों के कार्यालय ने शुक्रवार को बताया कि दोनों नेताओं के सोमवार को आमने-सामने की बैठक होगी।

मैक्रों वैश्विक राजनीति में अमेरिका से अलग रास्ता अपनाने की फ्रांसीसी परम्परा का निर्वाह कर रहे हैं, साथ ही इस संकट पर अपनी छाप छोड़ने तथा यूरोप के हितों की रक्षा करने का प्रयास कर रहे हैं।

उधर, तुर्की के राष्ट्रपति रजब तैयब एर्दोआन ने भी रूस और यूक्रेन के बीच वार्ता में मध्यस्थता की पेशकश की है।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia commons

%d bloggers like this: