भाजपा ने सुशासन सुनिश्चित किया, इसलिए लोगों ने उसके पक्ष में वोट दिया: सोनोवाल

श्रीनगर, केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने चार राज्यों में विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत पर बृहस्पतिवार को कहा कि देश के लोग पार्टी का समर्थन करते हैं क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुशासन सुनिश्चित किया है तथा उन्हें गरिमापूर्ण जीवन प्रदान किया है।

भाजपा उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा एवं मणिपुर में सत्ता बरकरार रखती हुई नजर आ रही है।

सोनोवाल ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘ देश मोदी के नेतृत्व में आगे बढ़ा है। विकास के इस सफर में सभी को मदद, इंसाफ, गरिमा एवं सुरक्षा मिली है। देश के लोगों द्वारा मोदी एवं भाजपा का समर्थन किए जाने की वजह सुशासन एवं उन्हें गरिमापूर्ण जीवन जीने के लायक स्थितियां उपलब्ध होना है।’’

केंद्रीय आयुष, बंदरगाह, नौवहन एवं जलमार्ग मंत्री ने यहां एसकेआईसीसी में ‘यूनानी दिवस, 2022’ समारोह एवं यूनानी औषधियों पर दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन किया।

उन्होंने कहा कि देश के लोगों को विश्वास है कि प्रधानमंत्री एकमात्र ऐसे व्यक्ति हैं जो भारत को दुनिया में सबसे विकसित राष्ट्र बनाएंगे तथा हकीकत में उसे ‘आत्मनिर्भर भारत’ बनाएंगे।

सोनोवाल ने कहा, ‘‘ देश के लोग मोदी के साथ हैं क्योंकि पिछले सात साल में उन्होंने उनके लिए कठिन परिश्रम किया है और वे (लोग) उनके साथ रहेंगे।’’

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia Commons

%d bloggers like this: