मां बनने वाली हैं कर्बर, अमेरिकी ओपन से हटीं

न्यूयार्क, तीन बार की ग्रैंडस्लैम चैम्पियन एंजेलिक कर्बर ने बुधवार को अमेरिकी ओपन से हटने का फैसला किया क्योंकि वह मां बनने वाली हैं।

जर्मनी की कर्बर ने सोशल मीडिया पर यह खबर दी। 2016 में अमेरिकी ओपन खिताब जीतने के बाद 34 वर्षीय कर्बर डब्ल्यूटीए रैंकिंग में पहले स्थान पर पहुंच गयी थीं। इसी साल उन्होंने आस्ट्रेलियाई ओपन ग्रैंडस्लैम जीता था और फिर 2018 में विम्बलडन चैम्पियनशिप ट्राफी अपने नाम की थी।

कर्बर ने बुधवार को कुछ इमोजी (जिसमें ‘बेबी बोतल’ भी शामिल थी) साझा करते हुए लिखा, ‘‘अगले कुछ महीने के लिये मैं टेनिस खिलाड़ी के तौर पर दुनिया भर की यात्रा से ब्रेक लूंगी लेकिन यह अच्छे कारण के लिये है। मुझे आपकी कमी महसूस होगी।’’

उन्होंने कहा, ‘‘पेशेवर खिलाड़ी होना मेरे लिये सबकुछ है लेकिन मैं नयी राह के लिये भी शुक्रगुजार हूं जिस तरफ मैं बढ़ रही हूं। ईमानदारी से कहूं तो मैं ‘नर्वस’ हूं और साथ ही उत्साहित भी। ’’

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Associated Press (AP)

%d bloggers like this: