भारत ने श्रीलंका को दवाओं और चिकित्सा आपूर्ति की बड़ी खेप भेजी : भारतीय उच्चायोग

कोलंबो, भारत ने शुक्रवार को एक भारतीय नौसेना के जहाज की मदद से महत्वपूर्ण दवाओं की एक बड़ी खेप श्रीलंका पहुंचाई। भारतीय उच्चायोग ने यहां यह जानकारी दी।

‘गवर्नमेंट मेडिकल ऑफिसर्स एसोसिएशन’ ने एक पोर्टल बनाया है, जो दवाओं और अन्य आवश्यक सामग्रियों के दान की मांग कर रहा है। इस मांग के आधार पर ही भारत की ओर से जीवनरक्षक दवाओं की खेप भेजी गई है।

भारतीय उच्चायुक्त गोपाल बागले ने शुक्रवार को स्वास्थ्य मंत्री चन्ना जयसुमना को दवाओं और अन्य चिकित्सा सामग्री की बड़ी खेप सौंपी।

उच्चायोग ने कहा कि भारतीय नौसेना के जहाज ‘घड़ियाल’ को विशेष रूप से चिकित्सा खेप की जल्द आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए तैनात किया गया था, जो भारत के लोगों की ओर से द्वीपीय देश को एक उपहार है।

यह दवाएं और चिकित्सा सामग्री यूनिवर्सिटी ऑफ पेराडेनिया हॉस्पिटल को दी जाएंगी।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia commons

%d bloggers like this: